जरा बचकर! तप रहा Punjab, इस शहर का Temperature उड़ा देगा होश...
punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 04:18 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में पंजाब का तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में बढ़ोतरी को देखते हुए मौसम विभाग ने 9 और 10 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट और 11 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लू चलने की भी आशंका जताई गई है।
रविवार को पंजाब का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा एयरपोर्ट क्षेत्र और हरियाणा में सिरसा सबसे ज्यादा गर्म रहे। बठिंडा एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान लगभग 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।
खास बात यह है कि पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 44, लुधियाना में 43.4, पटियाला में 42.8, पठानकोट में 43, गुरदासपुर में 39, नवांशहर में 40.1, फतेहगढ़ साहिब में 40.9, फाजिल्का में 43, फिरोजपुर में 42.3, होशियारपुर में 40.9, जालंधर में 41.7, मोगा में 41.8, रूपनगर में 40.3 और मोहाली में 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे हल्के रंग के कपड़े पहनें। उन्होंने कहा कि गर्मी में घर से बाहर निकलते समय सिर को ढककर बाहर जाएं और दिन में अधिक से अधिक पानी का सेवन करें।