पंजाब में बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, मौसम विभाग ने इस खतरे को लेकर जारी की चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Jul 02, 2025 - 08:58 AM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाब के मौसम को लेकर अहम खबर सामने आ रही है। दरअसल, राज्य में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है, जिस कारण रोजाना बारिश हो रही है। इसके चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। राज्य में अधिकतम तापमान अब 35.2 डिग्री सेल्सियस तक रह गया है। कई जिलों में तो अधिकतम तापमान 30 डिग्री से भी नीचे चला गया है, जबकि कभी यह 47 डिग्री के पार पहुंच गया था।
अगर पिछले 24 घंटों की बात करें तो कई जिलों में बारिश का असर साफ तौर पर देखने को मिला। इसके कारण तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पूरे राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जालंधर, लुधियाना, पठानकोट, चंडीगढ़, होशियारपुर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
इसके साथ ही 5 जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज़ हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की ओर से आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह आने वाले 3 से 4 दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है।