पंजाब के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 01:03 PM (IST)
जालंधर: पंजाब के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आने वाले दिनों को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने महत्वपूर्ण भविष्यवाणी की है। आज पंजाब के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आई.एम.डी. के अनुसार पंजाब के 13 जिलों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, बिजली चमकेगी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण आया है, जो फिलहाल पाकिस्तान और पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है।
इन जिलों में रहेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 19, 20, 21 और 22 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 23 फरवरी को भी मौसम साफ रहने की संभावना है।
तापमान की स्थिति
फिलहाल पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मानसा में सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद फिर तापमान में गिरावट आएगी। वहीं, चंडीगढ़ के सेक्टर-48 में सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया है। लुधियाना और मोहाली में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। 19 फरवरी से 23 फरवरी तक पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है।

