दुबई में पंजाब के युवक की अचानक मौत! माता-पिता ने कर्ज लेकर विदेश भेजा था जवान बेटा
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 02:32 PM (IST)
मेहल कलां (हमीदी): विधानसभा हलका मेहल कलां के अधीन गांव सेहजड़ा से संबंधित एक मजदूर परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट गया जब रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गए 21 साल के हरदीप सिंह की अचानक मौत हो जाने की खबर मिली। इस दुखद घटना से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक युवक के पिता हरबंस सिंह और मां कुलवंत कौर निवासी गांव सेहजड़ा बताया कि उनका बेटा हरदीप सिंह बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार की माली हालत सुधारने के लिए कर्ज लेकर करीब पांच महीने पहले दुबई के शारजाह शहर में मजदूरी करने गया था। उनके अनुसार 24 जनवरी को उन्हें अचानक फोन पर हरदीप सिंह की मौत की खबर मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पीड़ित परिवार ने बताया कि अभी तक हरदीप सिंह की मौत की असली वजह के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा। परिवार ने कहा कि पोस्टमॉर्टम और दूसरी कागजी कार्रवाई विदेश में पूरी होने की वजह से बॉडी को भारत लाने में और देरी हो रही है। मृतक के माता-पिता ने कहा कि वे दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं और पैसे की तंगी की वजह से वे अपने बेटे की बॉडी विदेश से भारत नहीं ला पा रहे हैं। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि मृतक नौजवान हरदीप सिंह की बॉडी दुबई से गांव सेहजड़ा लाई जाए।

इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला मीत प्रधान गुरध्यान सिंह सेहजड़ा, ब्लॉक महल कलां यूनिट के जनरल सेक्रेटरी अमरजीत सिंह भोला और गगनदीप सिंह बाजवा की लीडरशिप में 25 जनवरी को मृतक नौजवान के पिता हरबंस सिंह के साथ लोकसभा मेंबर गुरमीत सिंह मीत हेयर के जरिए डिप्टी कमिश्नर बरनाला को बॉडी वापस लाने के लिए अर्जी दी गई थी। नेताओं ने कहा कि DC बरनाला ने भरोसा दिलाया था कि कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव भारत लाया जाएगा, लेकिन आज मौत के करीब 10 दिन बीत जाने के बावजूद मृतक का शव गांव नहीं पहुंचा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि वह तुरंत दखल देकर हरदीप सिंह का शव दुबई से गांव सेहजड़ा लाकर परिवार को सौंपे, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

