पंजाबी गायक बब्बू मान सुर्खियों में, पॉडकास्टर्स और पत्रकारों को लेकर की विवादित टिप्पणी, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 11:26 AM (IST)
पंजाब डेस्क : मशहूर पंजाबी गायक बब्बू मान एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने पॉडकास्टर्स और पत्रकारों पर तीखा निशाना साधा। बता दें कि स्पेन के बार्सेलोना में शो के दौरान बब्बू मान ने कुछ पॉडकास्टर्स और पत्रकारों को मिट्टी खाने वाले सांप कह दिया और धमकी देते हुए कहा कि इनके फन कुचलने की जरूरत है। इसकी वीडियो वायरल हो रही है।
लाइव परफॉर्मेंस के दौरान बब्बू मान ने कहा कि कई पॉडकास्टर्स उनके नाम का इस्तेमाल कर अपना काम चला रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की कड़ी आलोचना करते हुए अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया। करीब 50 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनके बयान को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
गायक ने यह भी कहा कि आजकल कई पॉडकास्ट उनके नाम के सहारे चल रहे हैं और कुछ लोग सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने मंच से चुनौती देते हुए कहा कि अगर किसी को उनसे समस्या है तो सामने आकर बात करे, न कि बंद कमरों में बैठकर बयानबाजी करें। इस दौरान उन्होंने एक पत्रकार पर भी नाराजगी जताई और कहा कि कुछ पत्रकार बिना पूरी जानकारी के ज्यादा बोलते हैं। उन्होंने कहा कि कि ऐसे लोगों पर लगाम लगाने की जरूरत है।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ उनके समर्थक इसे उनके बेबाक अंदाज के रूप में देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डिजिटल मीडिया से जुड़े लोग इसे अनुचित बता रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

