साउथ में पंजाब के सिंगर ने चमकाया नाम, मिला फिल्म फेयर अवॉर्ड
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 02:19 PM (IST)
लुधियाना : लुधियाना के युवा गायक जसकरण सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 26 वर्षीय जसकरण ने 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ में कन्नड़ कैटेगरी में बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का खिताब जीतकर पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्हें यह सम्मान कन्नड़ फिल्म ‘कृष्णम प्रणय सखी’ के लोकप्रिय गीत “द्वापरा” के लिए मिला, जिसे उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अवॉर्ड जीतने के बाद लुधियाना पहुंचे जसकरण ने अपने सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने करीब आठ साल पहले तमिल रियलिटी सिंगिंग शो ‘सारे गा मा पा’ में टॉप-4 में जगह बनाकर शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत करते हुए साउथ इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई।
जसकरण ने अलग-अलग भाषाओं में गाकर खुद को साबित किया। तमिल के बाद उन्होंने तेलुगु और कन्नड़ सिंगिंग शोज में हिस्सा लिया और अपनी उच्चारण क्षमता से दर्शकों को प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि नॉमिनेशन की खबर मिलने पर वह कुछ समय के लिए भावुक हो गए थे और सबसे पहले अपने पिता को फोन कर यह खुशखबरी दी।
लुधियाना के सेक्टर-32 के रहने वाले जसकरण ने बचपन से ही संगीत की ट्रेनिंग ली। उन्होंने क्लासिकल म्यूजिक की शिक्षा कपिल शर्मा से और वेस्टर्न सिंगिंग हानित तनेजा से सीखी। अपनी सफलता का श्रेय वह अपने परिवार, गुरुओं और खासकर अपने मेंटर्स को देते हैं। उनका मानना है कि संगीत की कोई भाषा नहीं होती और लगातार अभ्यास और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

