मैं खादी-पीती विच वी 12x5=48 नीं कैहंदा.... Punjabi Singer ने राजा वड़िंग का उड़ाया मजाक
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 12:22 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के एक पुराने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने अब म्यूजिक इंडस्ट्री तक पहुंच बना ली है। जनवरी में दिए गए उनके ‘12x5=48’ वाले बयान पर मीम्स के बाद अब एक व्यंग्य गीत भी रिलीज हो गया है। लुधियाना के डुएट सिंगर पिंदू साह (Pindu Shah Rajowalia) ने इस मुद्दे पर ‘12x5=48’ शीर्षक से एक गाना जारी किया है। गीत में हल्के-फुल्के अंदाज में बिना सोचे-समझे बयान देने वालों पर कटाक्ष किया गया है।

गाने में क्या है खास?
गीत के बोल संवाद शैली में हैं, जहां पत्नी पति को टोका-टाकी करती है कि वह बिना सोचे कुछ भी बोल रहा है। जवाब में पति कहता है कि वह शराब नशे की हालत में भी ऐसी गलती नहीं करता। मैं ज्यादा शराब पीने पर भी कभी भाभी को साली नहीं कहता, मैं दारू पीने पर भी 12 पांजा 48 नहीं कहता। मतलब कि वह इस गाने में साफ कहना चाहता है कि, उसने शराब पी रखी हो या फिर नहीं उसे सब याद रहता है और उसे अपनी यादाश्त पर गर्व है। बता दें कि, गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। महज 2 दिनों में इसे 50 हजार व्यूज मिल चुके हैं। बताया जा रहा है कि सिंगर ने बयान के वायरल होने के तुरंत बाद गीत लिखा, कंपोज किया और रिकॉर्ड किया। यही नहीं गायक ने अपने गाने का टाइटल भी 12x5=48 रखा है।
पहले भी कर चुके हैं सटायर
गायक पिंदू शाह राजोवालिया ने इससे पहले भी पंजाबी संस्कृति और सामाजिक मुद्दों पर व्यंग्यात्मक गीत गाते रहे हैं। नए गाने में उनके साथ मनताज खान की आवाज भी शामिल है। राजनीतिक बयान पर बना यह गीत अब चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस गाने पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि, गायक पिंदू साह राजोवालिया सिर्फ कांग्रेस नेताओं पर ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी पर भी व्यंग्य गीत गा चुके हैं। जब CM Bhagwant Mann के नेतृत्व में सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया और तहसीलों में कामकाज ऑनलाइन करने की घोषणा की थी, तब पिंदू शाह ने एक गीत जारी कर पटवारियों को सावधान रहने का संदेश दिया था।
उस गीत में इशारों-इशारों में कहा गया था कि अब पुरानी व्यवस्था नहीं चलेगी और रिश्वतखोरी पर लगाम कसने का समय आ गया है। सिंगर ने अपने अंदाज में सिस्टम में बदलाव और सख्ती की बात को पेश किया था। राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर सटायर करने के लिए पहचाने जाने वाले पिंदू शाह राजोवालिया ‘बापू दी दवाई’, ‘चंदन दा बूटा’, ‘कनाडा Vs पंजाब’, ‘बुलेट’ और ‘एलान’ जैसे गीतों से भी चर्चा में रह चुके हैं। उनके गानों में अक्सर समकालीन मुद्दों को लोक शैली में पेश किया जाता है, जिससे वे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाते हैं।
जानें क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि, यह बयान एक जनसभा के दौरान सामने आया था। पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग आम आदमी पार्टी के महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये देने के वादे पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान उन्होंने 4 साल के बकाये की राशि का जिक्र किया और मंच से 12 गुणा 5 का हिसाब लगाने की कोशिश की। इस दौरान राजा वड़िंग 12x5...बोलते-बोलते चुप होने लगे और इसे कैल्कुकेट नहीं कर पाए। वहीं इसी दौरान मंच से किसी समर्थक ने 48 कह दिया। इसके बाद वडिंग ने भी 48 दोहरा दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जनसभा में वह महिलाओं से अपील कर रहे थे कि यदि बकाया राशि दी जाती है तो उसे लेकर वोट का फैसला करें। बयान के इसी हिस्से को लेकर विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें घेरा, जिसके बाद यह मामला मीम्स और अब गानों तक पहुंच गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

