रेलवे का डिजिटल धमाका: फिरोजपुर मंडल ने शुरू किया 21 दिवसीय जागरूकता महा-अभियान
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 03:38 PM (IST)
लुधियाना (राज): उत्तर रेलवे का फिरोजपुर मंडल अब रेल यात्रियों को हाईटेक बनाने की राह पर निकल पड़ा है। यात्रियों को लंबी लाइनों से छुटकारा दिलाने और डिजिटल टिकटिंग के प्रति जागरूक करने के लिए रेलवे द्वारा एक विशेष 21 दिवसीय जागरूकता अभियान का आगाज किया गया है। 06 अप्रैल से शुरू हुआ यह महा-अभियान 26 अप्रैल तक जारी रहेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को 'रेलवन' ऐप के अधिकतम उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है।
लुधियाना रेलवे स्टेशन से शुरू हुई मुहिम की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत औद्योगिक नगरी लुधियाना के रेलवे स्टेशन से की गई है, जिसके बाद अब मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों जैसे अमृतसर, जालंधर सिटी, फिरोजपुर कैंट और ब्यास पर भी कार्यक्रमों की झड़ी लगा दी गई है। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर नजारा किसी उत्सव जैसा दिखाई दे रहा है। यात्रियों को जागरूक करने के लिए केवल भाषणों का सहारा नहीं लिया जा रहा, बल्कि डेमो बूथ, नुक्कड़ नाटक, रैलियां और सेल्फी प्वाइंट्स के जरिए उन्हें डिजिटल क्रांति से जोड़ा जा रहा है। विशेष रूप से टिकट चेकिंग स्टाफ, स्पोर्ट्सपर्सन और स्काउट्स-गाइड्स की टीमें मैदान में उतरी हैं, जो यात्रियों को कैशलेस भुगतान और पेपरलेस यात्रा के फायदे समझा रही हैं। महिलाओं को डिजिटल टिकटिंग के प्रति सशक्त बनाने के लिए विशेष महिला जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि हर वर्ग इस आधुनिक व्यवस्था का लाभ उठा सके।
टिकट खिड़कियों पर लगने वाली भीड़ से मिलेगी निजात
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने इस अभियान पर जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल न केवल 'डिजिटल इंडिया' अभियान को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि यात्रियों के सफर को भी सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी बनाएगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों को अपनाने से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें टिकट खिड़कियों पर लगने वाली भीड़ से निजात मिलेगी। रेलवे प्रशासन का यह कदम यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होने वाला है। स्टेशन परिसर में लगातार हो रही घोषणाओं और सांस्कृतिक दलों के प्रदर्शन से यात्रियों में भी डिजिटल टिकटिंग को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

