Ludhiana में मौसम ने फिर ली करवट, दिन में छाया अंधेरा और शुरू हुई तेज बारिश
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 05:01 PM (IST)
लुधियाना (दविंद्र नागर) : Ludhiana में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। शहर और आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। खास तौर पर कस्बा मुल्लापुर दाखा में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे हालात काफी बिगड़ गए हैं।
मौसम विभाग द्वारा पहले ही चेतावनी जारी की गई थी कि 11 तारीख तक प्रदेश में तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। आज का मौसम इस चेतावनी को पूरी तरह सही साबित करता नजर आया। दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस अचानक बदले मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाजारों में रौनक कम हो गई, लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश ने गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन साथ ही कई तरह की परेशानियां भी खड़ी कर दी हैं।




