Ludhiana: शादी का झांसा देकर युवती से बनाए संबंध, बीच सड़क पर किया तमाशा और फिर..
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:54 AM (IST)
लुधियाना(राज): पंजाब में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच एक और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि बाद में सरेआम उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी हिमांशु के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता द्वारा दी गई दरख्वास्त की गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हिमांशु के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है। जांच में पाया गया कि आरोपी ने पहले पीड़िता को शादी के सुनहरे सपने दिखाकर उसके साथ जिस्मानी संबंध बनाए और फिर अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी हिमांशु यहीं नहीं रुका; उसने उसके घर आकर और गली में सरेआम गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, जब पीड़िता सड़क से गुजर रही थी, तो आरोपी ने उसे जबरन रोककर बदतमीजी की और बीच सड़क पर तमाशा खड़ा कर दिया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की की।
शिकायत में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने बड़ी चालाकी और धोखेबाजी से पीड़िता पर दबाव बनाकर पहले एक राजीनामा करवा लिया था, ताकि वह कानूनी कार्रवाई से बच सके। हालांकि, पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

