Ludhiana : खस्ताहाल में शहर की सड़क, गड्ढों और पानी भराव से रोजाना हो रहे हादसे

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 11:20 PM (IST)

लुधियाना ( गणेश / सचिन )  : शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल हम्ब्रान रोड की जर्जर स्थिति को लेकर कुमार गौरव (सच्चा यादव) ने आगे आकर स्थानीय लोगों के हित में जोरदार आवाज उठाई है। उन्होंने मौके का निरीक्षण करते हुए सड़क की बदहाली पर गंभीर चिंता जताई और प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करने की मांग की।

कुमार गौरव (सच्चा यादव) ने कहा कि लंबे समय से यह सड़क खस्ताहाल बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में हादसे और बढ़ सकते हैं, जिससे जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी बताया कि हंबड़ा रोड शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है, जो साउथ सिटी, लद्दोवाल और जालंधर बायपास को आपस में जोड़ता है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिसके चलते यहां की खराब हालत सीधे तौर पर आम जनता की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मुद्दा बन चुकी है।

इसके बाद स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं। उन्होंने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कई बार वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे गंभीर हादसे होते हैं और लोग घायल हो रहे हैं।

दुकानदारों ने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे इतने खतरनाक हो जाते हैं कि कई बार दुकानों के शीशे तक टूट जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसके साथ ही ग्राहकों की आवाजाही पर भी असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 3 से 4 वर्षों से सड़क की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर पैचवर्क तो किया जाता है, लेकिन सही तकनीक और गुणवत्ता की कमी के कारण यह कुछ ही समय में फिर उखड़ जाता है। बारिश के दौरान हालात और भी भयावह हो जाते हैं। सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। वहीं, सड़क के किनारे उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण समस्या लगातार बनी रहती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News