Ludhiana में दिल दहला देने वाला हादसा, आंखों के सामने भतीजी की दर्दनाक मौ/त
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 12:44 PM (IST)
लुधियाना (राज): रफ्तार के जुनून ने एक बार फिर एक मासूम जिंदगी को लील लिया है। साहनेवाल के कैरो अस्पताल के पास एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बेलगाम ट्राला चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में महज 17 साल की किशोरी सोनाली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्राला छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। थाना सहनेवाल की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका सोनाली कुमारी अपनी चाची और ताई अहिल्या देवी के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर साहनेवाल स्थित पापड़ फैक्ट्री जा रही थी। जैसे ही वे कैरो अस्पताल के पास पहुंचे, साहनेवाल चौक की ओर से आ रहे एक अज्ञात घोड़ा-ट्राला के चालक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी पर सवार तीनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। हादसे के दौरान ट्राले का पिछला टायर सीधे सोनाली के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अपनी भतीजी को अपनी ही आंखों के सामने दम तोड़ते देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

