राणा बलाचौरिया मर्डर केस: एक और शूटर गिरफ्तार, अगरतला से पकड़ा गया आरोपी
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 02:03 PM (IST)
चंडीगढ़: कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के सहयोग से इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए शूटर की पहचान आदित्य उर्फ मख्खन के रूप में हुई है।

उल्लेखनीय है कि आरोपी 15 दिसंबर 2025 को गांव सोहाना (एसएएस नगर) में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटरों में से एक था। सूत्रों के अनुसार यह हत्या विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। इसके अन्य साथी पहले ही कोलकाता से गिरफ्तार किए जा चुके थे। आदित्य अब तक पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसे आखिरकार अगरतला से काबू कर लिया गया।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध के खिलाफ उनकी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि अपराधी चाहे देश के किसी भी कोने में हों या विदेश में बैठे हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाया जाएगा।

