रंधावा सुसाइड केस: परिवार का छलका दर्द, बोले—दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 04:10 PM (IST)
अमृतसर(रमन): पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा द्वारा जहरीली सल्फास निगलकर आत्महत्या करने के मामले के बाद परिवार में गहरा दुख और गुस्सा देखा जा रहा है। घटना के बाद परिजनों की हालत ऐसी है कि वे ठीक से बात करने की स्थिति में भी नहीं हैं।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर का माहौल बेहद गमगीन है और सुबह से किसी ने न तो चाय पी है और न ही खाना खाया है। उन्होंने कहा, “हमारे साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। हमारा जवान बेटा और भांजा हमसे छिन गया है। हम इस समय कुछ कहने की हालत में नहीं हैं।”परिजनों ने मांग की कि इस मामले की सच्चाई सामने लाई जाए। उनका कहना है कि चाहे जांच CBI या किसी अन्य निष्पक्ष एजेंसी से करवाई जाए, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार ने बताया कि वे एक साधारण किसान परिवार से हैं और उनकी पहुंच बड़े अधिकारियों तक नहीं है, इसलिए वे मीडिया के जरिए इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। परिवार के अनुसार, मृतक की एक छोटी वीडियो भी सामने आई है, जिसमें उसने कथित तौर पर कुछ लोगों से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही है। उनका कहना है कि पूरी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस मामले में कौन-कौन जिम्मेदार है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गगनदीप सिंह की मौत के मामले की जांच जारी है। फिलहाल परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

