सोशल मीडिया के जरिए बुकिंग और होटलों में अंदरखाते सौदे, महानगर में बड़ा रैकेट सक्रिय!
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 11:34 AM (IST)
अमृतसर (जशन): जैसे-जैसे दुनिया आधुनिकता की ओर बढ़ रही है, वैसे ही देह व्यापार में भी अब आधुनिकता आ चुकी है। अब रेव पार्टियों के बढ़ते चलन के बीच नशा व देह-व्यापार का धंधा जमकर फल-फूल रहा है। विगत समय लुधियाना के एक होटल में बड़े घरानों के लोगों द्वारा अश्लील डांस व सेक्स थीम पार्टियों के खुलासे से जहां हड़कंप मच गया था, वहीं अमृतसर के होटलों में भी अंदरखाते गुपचुप ढंग से ऐसी ही थीम पार्टियों का चलन अंदरखाते हो रहा है। हालांकि इस बारे में पुलिस ने भी काफी तत्परता दिखाते हुए कई होटलों में रेड कर मामले दर्ज किए हैं, परंतु इसके बावजूद यह देह व्यापार का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। अगर नजर दौड़ाई जाए तो पुलिस की अधिकांश रेड जब होटलों व रेस्टोरेंट पर पड़ती है तो ज्यादातर हुक्का बार के मामले पकड़ने तक ही सीमित नजर आती है।
ऐसा नहीं है कि अमृतसर के होटलों में अंदरखाते रेव पार्टियों का चलन नहीं होता। आजकल सोशल साइट्स व फेसबुक पर ऐसे कई अकाउंट मिल जाएंगे, जिनके माध्यम से इन रेव व थीम पार्टियों की बुकिंग अलग-अलग शहरों के होटलों में की जाती है। आमतौर पर सभी को ज्ञात है कि अलग-अलग थीम पर रखी गई इन रेव पार्टियों में नशा व देह व्यापार जमकर होता है। ऐसी पार्टियों के लिए लड़कियां भी बाहरी शहरों से लाई जाती हैं। एक ओर जहां अमृतसर में बड़े स्तर पर फैल चुके देह व्यापार के धंधे को रोकने के लिए महानगर की पुलिस द्वारा मुहिम चलाई गई और काफी सख्ती की गई, बावजूद इसके यह धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। सूत्रों के अनुसार कुछ समय पहले पुलिस प्रशासन ने इस देह व्यापार के कुछ संचालकों को पकड़ा था, जिससे इस अवैध धंधे में कुछ कमी आई थी, परंतु वर्तमान में फिर से देह व्यापार काफी ज्यादा सक्रिय हो गया है।
कैसे चल रहा है ये धंधा
जानकारी के अनुसार महानगर में दर्जनों सोशल साइट्स के ग्रुप व एप्स मौजूद हैं, जो इस धंधे को अंदरखाते चलाते हैं। पता चला है कि ऐसी महिलाओं की कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों तक पहुंच होती है। इसके कारण ये महिलाएं उनकी शरण में उक्त धंधा बेखौफ होकर चलाती हैं। इन महिला संचालिकाओं के पास 14 वर्ष से लेकर 35-40 वर्ष तक की आयु की युवतियां संपर्क में होती हैं, जिन्हें ये रेट व ग्राहक के अनुसार बताए गए स्थान पर भेज देती हैं। इस व्यापार में दलालों की भी अहम भूमिका होती है। ये दलाल ही महिलाओं व ग्राहकों के बीच की कड़ी का कार्य करते हैं। जानकारी के अनुसार ये दलाल कॉलगर्ल युवतियों की फोटो की एल्बम व उनके संपर्क नंबर अपने पास रखते हैं और ग्राहकों की पसंद अनुसार मोटी राशि तय करके उन्हें उक्त स्थान का पता देकर भेज देते हैं।
हाईटेक हुआ ये धंधा
हाईटेक युग के साथ-साथ अब यह धंधा भी समय के साथ हाईटेक हो चुका है। एंड्रॉयड फोन व सोशल मीडिया ने तो जैसे इस धंधे को काफी सरल बना दिया है। हाईटेक होने के कारण अब इस धंधे ने इंटरनेट के माध्यम से देश के हर राज्य में अपने पैर पसार लिए हैं। पूरी जानकारी उपलब्ध होने के चलते ग्राहकों को ढूंढने में अब कोई खास दिक्कत पेश नहीं आती। ग्राहक स्वयं इस प्रक्रिया की ओर आकर्षित हो जाते हैं। आमतौर पर इस धंधे में ग्राहक को 1000 रुपए से लेकर 20,000 रुपए तक की राशि खर्च करनी पड़ती है। इसके अलावा कई शातिर लोग अपने नाम से साइट बनाकर ऐसी जानकारी इंटरनेट पर डालते हैं और ग्राहकों द्वारा संपर्क करने पर वे ही ग्राहकों से सारी बातचीत सेट करके कॉलगर्ल को बताए गए स्थान पर तय समय के लिए भेज देते हैं। इसके अलावा विभिन्न पोर्न साइट्स ने भी इस चलन को बढ़ावा दिया है।
कहां फैल रहा है ये अवैध धंधा
जानकारी के अनुसार महानगर के कुछ क्षेत्रों में इनके अड्डे बटाला रोड (अंदरूनी क्षेत्र), मजीठा रोड की कुछ स्लम बस्तियां, झब्बाल रोड, छेहर्टा के कुछ स्लम क्षेत्र, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित नंगली, 88 फुट रोड के अलावा अन्य कुछ क्षेत्रों में भी यह धंधा फल-फूल रहा है। इसके अलावा पता चला है कि अब इस धंधे में कुछ हाई लेवल की महिलाएं भी संलिप्त हैं। शहर के विभिन्न होटल जैसे इस धंधे की शरणस्थली बन चुके हैं।
किनकी होती है संलिप्तता
जानकारी मिली है कि इस मोटी कमाई वाले अवैध धंधे में कुछ उच्च वर्गीय लोग भी शामिल हैं, जो ज्यादातर बाहरी क्षेत्रों से संबंधित होते हैं। ऐसे संचालक पॉश क्षेत्रों में किराए पर कोठी (बंगला टाइप) ढूंढकर इस धंधे को वहीं से चलाते हैं। ये पॉश क्षेत्र इसलिए चुनते हैं क्योंकि पुलिस की नजर अक्सर ऐसे इलाकों पर कम जाती है। पुलिस का शक कम होने का ये भरपूर फायदा उठाते हुए ये लोग अपना धंधा हाईटेक तरीके से अंदरखाते चलाते हैं। विगत समय पुलिस ने एक ऐसा ही रैकेट पकड़ा था, जो पॉश कॉलोनियों में रहकर ऐसे अवैध धंधे को अंजाम देता था। जब इस मामले की गहन जांच की गई तो यह काफी उच्च स्तरीय मामला निकला था। हालांकि अब यह धंधा होटलों में अंदरखाते धड़ल्ले से चलाया जा रहा है।
क्या कहना है पुलिस अधिकारी का
इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस बारे में पुलिस तेजी से कार्य कर रही है। पुलिस का साइबर सेल भी पैनी नजर बनाए हुए है। समय-समय पर देह व्यापार संबंधी कई लोगों व महिला संचालकों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस संबंध में किसी प्रकार की कोई सूचना या जानकारी मिलती है तो तुरंत कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए जाते हैं। इस दिशा में कुछ सफलताएं भी मिली हैं। अधिकारी ने कहा कि महानगर में इस प्रकार के अवैध धंधे को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस संबंध में कोई जानकारी है तो वह पुलिस से साझा करे, उसका नाम व पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

