चुनाव हारने के बावजूद रवनीत बिटटू केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

punjabkesari.in Sunday, Jun 09, 2024 - 05:35 PM (IST)

लुधियाना (गुप्ता)  : केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने लुधियाना के पूर्व सांसद रवनीत सिंह बिटटू को केन्द्र में राज्यमंत्री बनाकर पंजाब में नया खेला कर दिया है। इस बार लोकसभा चुनाव में पंजाब से भाजपा को एक भी सीट नही मिली है, राज्यसभा में भी पंजाब से भाजपा का कोई सांसद नही है, जिसके चलते लुधियाना लोकसभा से बेहद कम वोटों से हारे पूर्व सांसद व भाजपा उम्मीदवार रवनीत बिटटू को केन्द्र में राज्यमंत्री बना दिया गया है। 

उल्लेखनीय है कि रवनीत बिटटू कांग्रेस सांसद रहते हुए 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा में शामिल होकर लुधियाना लोकसभा से भाजपा के उम्मीदवार बन गए थे। उनके चुनाव प्रचार के दौरान केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लुधियानावासियों से कहा था कि आप रवनीत बिटटू को जिताएं इन्हें बडा आदमी बनाने का काम मै करूंगा। अब केन्द्रीय राज्यमंत्री बनाकर भाजपा ने जनता से किए उसी वायदे को पूरा किया है। 

वहीं इस बारे बातचीत करते रवनीत बिटटू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके कंधों पर अहम जिम्मेदारी डाली है। अब जनता से किए एक-एक वायदे को पूरा करने के लिए कार्य करेंगे। पंजाब का  ग्राऊंड 2027 तक तैयार करके भाजपा संगठन को दूंगा और पंजाब की समस्याओं को हल कराने के लिए पुल का काम करूंगा। पंजाब सीमावर्ती प्रदेश है, मैंने किसानों की समस्याओं को हल कराने, पंजाब में नफरत की राजनीति के विरुद्ध काम किया है, देश के लिए पंजाब प्राथमिक है, पंजाबी प्यार मांगते हैं, इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब को प्यार दिया है। अगले 2 वर्ष में भाजपा लोगों को काम करके दिखाएगी और पंजाब में भी सरकार लाएंगे। 

रवनीत बिटटू को मंत्री बनाने के पीछे क्या है कारण : लुधियाना में रवनीत बिटटू ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा है और लुधियाना शहरी के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की है। किसान आंदोलन के कारण उन्हें ग्रामीण क्षेत्र में घुसने नहीं दिया गया, जिस कारण वे वहां से हार गए पंरतु भाजपा नेतृत्व को लुधियाना लोकसभा में लोगों का मिला अपार समर्थन लुभा गया है और उन्हें विधानसभा और नगर निगम के चुनावों में लुधियाना में जबरदस्त जीत दर्ज होती दिखाई दे रही है। इस लहर को बनाए रखने के लिए रवनीत बिटटू को केन्द्रीय राज्यमंत्री का पद देकर केन्द्र सरकार ने पंजाब में भाजपा का विस्तार करने के लिए ताकत बख्शी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News