पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डी.एस.पी. ने खुद को गोली मार की आत्महत्या, कुर्सी पर पड़ा मिला शव

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 12:08 AM (IST)

लुधियाना : पंजाब पुलिस के रिटायर्ड डी.एस.पी. बरजिंदर सिंह भुल्लर ने आज खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने गोली अपने लाइसैंसी रिवाल्वर से चलाई। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। डी.एस.पी. का शव कमरे में कुर्सी पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक बरजिंदर सिंह भुल्लर करीब एक साल पहले रिटायर हुए थे। जब वह रिटायर हुए तो उनकी अंतिम पोस्टिंग आई.आर.बी. में थी। वह सराभा नगर इलाके के ग्रीन एवेन्यू में अपने माता-पिता के साथ रहते थे जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ विदेश में रहती है। पता चला है कि बरजिंदर सिंह काफी समय से मानसिक अवसाद का शिकार थे। वह अक्सर घर में अकेले कमरे में बैठे रहते थे। आज उन्होंने कमरे में कुर्सी पर बैठकर खुद की लाइसैंसी रिवाल्वर से गोली मार ली जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर माता-पिता कमरे में पहुंचे तो वहां बरजिंदर का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस भी पहुंच गई। एस.एच.ओ. परमवीर सिंह के मुताबिक पूर्व डी.एस.पी. भुल्लर मानसिक तौर पर परेशान थे, इसलिए उन्होंने ऐसा कदम उठाया। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News