लुधियाना में अपने अंदाज में 'नब्ज' टटोल रहे DCP, खुद जांची ट्रैफिक की जमीनी हकीकत

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 11:35 AM (IST)

लुधियाना (राज):  महानगर की सड़कों पर रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से निपटने और शहर की वास्तविक नब्ज टटोलने के लिए नव-नियुक्त डी.सी.पी. (लॉ एंड ऑर्डर व ट्रैफिक) अरविंद मीणा ने एक अनूठी और प्रभावी कार्यशैली अपनाई है। बिना किसी सुरक्षा घेरे, अपनी सरकारी गाड़ी की बत्ती उतार कर सादे कपड़ों में सवार होकर डीसीपी अकेले ही एक आम नागरिक बनकर देर शाम शहर की सड़कों पर उतर रहे हैं। उनका उद्देश्य वीआईपी तामझाम से दूर रहकर महानगर की भौगोलिक स्थिति, प्रमुख जाम वाले चौराहों और फील्ड में तैनात ट्रैफिक मुलाजिमों की कार्यप्रणाली की वास्तविक जमीनी हकीकत को समझना है।

अक्सर देखा जाता है कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे से पहले चौराहों पर अलर्ट जारी हो जाता है और ट्रैफिक व्यवस्था कुछ पलों के लिए चाक-चौबंद दिखने लगती है। इस दिखावे से बचने के लिए डीसीपी अरविंद मीणा ने सादे लिबास में देर शाम, जब सड़कों पर पीक-ऑवर का भारी दबाव होता है, खुद फील्ड में उतरने का फैसला किया है। वे अलग-अलग चौकों पर सामान्य वाहनों की कतार में खड़े होकर देखते हैं कि जाम लगने का मुख्य कारण क्या है—गलत पार्किंग, बेतरतीब वाहन, अतिक्रमण या सिग्नल की खराबी या कुछ ओर।

ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों की मुस्तैदी की भी हो रही पड़ताल 

इस औचक व गोपनीय दौरे का एक अहम पहलू ट्रैफिक पुलिस की जमीनी कार्यप्रणाली की जांच भी है। डीसीपी यह बारीकी से देख रहे हैं कि पीक ऑवर्स के दौरान चौराहों पर तैनात ट्रैफिक जवान और अधिकारी जाम खुलवाने में कितनी सक्रियता दिखा रहे हैं। जो खामियां सामने आ रही हैं, उन्हें सीधे नोट किया जा रहा है ताकि सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें और कोताही बरतने वाले मुलाजिमों की जवाबदेही तय की जा सके।

शहर बड़ा व नया है, पहले नब्ज समझना जरूरी : डी.सी.पी. अरविंद मीणा

इस संबंध में बात करते हुए डी.सी.पी. (लॉ एंड ऑर्डर/ट्रैफिक) अरविंद मीणा ने बताया कि लुधियाना शहर उनके लिए नया है और यह पंजाब का सबसे बड़ा औद्योगिक महानगर है। यहां की घनी आबादी और भारी वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए केवल दफ्तर में बैठकर योजनाएं बनाना कारगर नहीं हो सकता। इसलिए वह शहर को और यहां की ट्रैफिक समस्याओं को गहराई से समझने के लिए वे खुद सड़कों पर घूम रहे हैं। इस काम में वे लुधियाना में लंबे समय से सेवा निभा चुके अनुभवी पुलिस अधिकारियों और मुलाजिमों का भी मार्गदर्शन ले रहे हैं।

कई प्वाइंट्स चिन्हित, जल्द दिखेगा जमीनी असर 

डीसीपी अरविंद मीणा ने बताया कि शहर के कई प्रमुख भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील ट्रैफिक प्वाइंट्स को आधिकारिक तौर पर चिन्हित कर लिया गया है। इन जगहों पर सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्लान ऑफ एक्शन तैयार कर काम शुरू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में महानगर वासियों को ट्रैफिक व्यवस्था में स्पष्ट और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News