लुधियाना में पुलिस का ''युद्ध नशों के विरुद्ध'' अभियान, युवाओं से की खास अपील

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 09:03 AM (IST)

लुधियाना, (राज): पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शुरू की गई विशेष मुहिम युद्ध नशों के विरुद्ध के तहत महानगर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में विशेष सेमिनारों का आयोजन किया गया। 

इन सेमिनारों का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की दलदल से दूर रखना और समाज को इस गंभीर बुराई के प्रति सजग करना रहा। ऐसे ही थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने भी मन्ना सिंह नगर में जागरूका अभियान चलाया। इस दौरान एसएचओ हरपाल सिंह ने आम जनता व युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होने विस्तार से बताया कि किस तरह नशा न केवल इंसान के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक व सामाजिक रूप से बर्बाद कर देता है। युवाओं को खेलकूद और शिक्षा की तरफ ध्यान केंद्रित करने तथा किसी भी तरह की बुरी संगत से बचने के लिए प्रेरित किया गया। 

एसएचओ हरपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ समाज का जागरूक होना बेहद जरूरी है। सेमिनार में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि यदि उनके इलाके में कोई भी व्यक्ति नशा बेचता या तस्करी करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत बिना किसी डर के पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि कमिश्नरेट पुलिस महानगर को नशा-मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News