वेरका-वल्ला बाईपास रोड पर टिप्पर हुआ बेकाबू , नीचे दबी 3 कारें, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:57 AM (IST)
अमृतसर (जशन) : वेरका वल्ला बायपास रोड पर स्थित वेस्टर्न विला के पास रोड पर दोपहर करीब 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब बेकाबू होकर सड़क की एक रेट से भरा टिप्पर दूसरे शोर पर पलट गया। इसके कारण टिप्पर के नीचे सड़क पर दूसरे छोर से जा रही 3 छोटी कारें नीचे आकर दब गई। इस घटना को लेकर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते कुछ ही समय में रोड पर 2 किलोमीटर तक जाम लग गया। सूचना मिलने पर तुरंत ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक मैडम अमनदीप कौर अपने पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार रेत से भरा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने के कारण पल्ट गया।
टिप्पर के पलटते ही आस-पास खड़ी और गुजर रही तीन कारें उसकी चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें भारी नुक्सान पहुंचा।
ए.डी.सी.पी. मैडम अमनदीप कौर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलैंस के जरिए श्री गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। देर रात समाचार लेकर जाने तक किसी भी घायल व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति के बारे में अस्पताल से पुष्टि नहीं मिल पाई है, लेकिन पता चला है कि घायल दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल जरूर हुए हैं और वह जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहे हैं।
दूसरी तरफ घटना घटने के बाद टिप्पर का ड्राइवर मौके से लोगों को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वाहन के दस्तावेज, तकनीकी स्थिति और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर एस.एच.ओ. सहित पुलिस बल मौजूद रहा और सबसे पहले यातायात को बहाल करने पर ध्यान दिया गया।
ए.डी.सी.पी. अमनदीप कौर ने बताया कि इन दिनों आनंदपुर साहिब में मेले के चलते हाईवे पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही उक्त रोड पर काफी बढ़ी हुई है। ऐसे में ट्रैफिक को सुचारू रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

