जालंधर-होशियारपुर रोड पर सुधरेंगे हालात, आदमपुर में शुरू हुआ सड़क निर्माण

punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 10:47 AM (IST)

आदमपुर (दिलबागी, चांद): जालंधर-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर स्थित आदमपुर शहर में निर्माणाधीन पुल के पिलरों के दोनों ओर सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण क्षेत्रवासियों को पिछले काफी समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खस्ताहाल स्थिति के चलते जहां वाहन चालकों को मुश्किलें आ रही थीं, वहीं आदमपुर में अक्सर यातायात जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। इस सड़क की मरम्मत करवाने के लिए आदमपुर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा अपने-अपने स्तर पर कई प्रयास भी किए गए।

आज एक्सियन पी.डब्ल्यू.डी. राजिंदर कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत पी.डब्ल्यू.डी. के एस.डी.ओ. रविंदर सिंह और जे.ई. नरिंदर कुमार की देखरेख में गांव खुर्दपुर से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। सड़क के कार्य का शुभारंभ नगर कौंसिल के अध्यक्ष चरणजीत सिंह शेरी और अन्य पार्षदों ने गांव खुर्दपुर में सड़क पर टक लगाकर संयुक्त रूप से किया।

एस.डी.ओ. रविंदर सिंह ने बताया कि चूहड़वाली से लेकर तारागढ़ मोड़ तक सड़क के दोनों ओर बेहतर ढंग से पैचवर्क करके मुरम्मत की जाएगी। इस पूरे कार्य पर करीब 4 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को लंबे समय से पेश आ रही परेशानियों से राहत मिलेगी।

इस मौके पर अध्यक्ष चरणजीत सिंह शेरी के अलावा पवित सिंह, हरविंदर सिंह बिंदा ग्रेवाल, बिक्रम बध्दन, दविंदर सिंह सूरी, जोगिंदर पाल, अमरीक सिंह (सभी पार्षद), पंकज हनी गाजीपुर, राकेश अग्रवाल, आकाशदीप आशू बंसल, सतविंदर अरोड़ा, राज कुमार ग्रेजुएट, खेम चंद, प्रदीप सिंह, तानुज मल्होत्रा, दीपु, लखन बाहरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News