नेशनल हाईवे पर बड़ी घटना, पंजाब रोडवेज बस पर लोहे की रॉड से हमला, तोड़े शीशे और...
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 04:58 PM (IST)
जलालाबाद: नेशनल हाईवे पर पंजाब रोडवेज बस के कंडक्टर से लूटपाट का मामला सामने आया है। फिरोजपुर-फाजिल्का नेशनल हाईवे पर जलालाबाद के पास पंजाब रोडवेज की एक मिनी बस के कंडक्टर के साथ मारपीट और लूट की घटना को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही थाना अमीर खास पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस कंडक्टर अशोक कुमार ने इस संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले करीब 6 महीनों से पंजाब रोडवेज फिरोजपुर डिपो की बस पर जलालाबाद–फिरोजपुर रूट पर ड्यूटी कर रहा हैं। बस चालक गुरमेल सिंह उनके साथ थे। यह बस रोजाना 3 चक्कर लगाती है और सुबह करीब 7:25 बजे जलालाबाद से रवाना होती है। इसी बीच बुधवार शाम करीब 6:10 बजे वे अपने अंतिम चक्कर के लिए फिरोजपुर सिटी बस स्टैंड से चले थे। करीब 7:30 बजे जब बस जलालाबाद के सेक्रेड हार्ट स्कूल के नजदीक पहुंची तो कुछ युवक पहले से वहां पर हमला की तैयारी में थे।
आरोपियों ने बस के आगे अपनी कार लगाकर रोक लिया। इसके बाद युवकों ने लोहे की रॉड और डंडों से बस पर हमला कर दिया और शीशा तोड़ दिया। हमलावर बस में घुस आए और कंडक्टर के साथ मारपीट की। कंडक्टर के अनुसार आरोपियों ने उसके पास मौजूद कैश बैग, जिसमें लगभग 13 से 14 हजार रुपये थे, के साथ टिकट बॉक्स और टिकट मशीन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कंडक्टर और चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना अमीर खास की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रोडवेज बस को थाने ले जाकर जांच शुरू की। कंडक्टर के बयान के आधार पर पुलिस ने करीब 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें एक व्यक्ति की पहचान परमिंदर कुमार के रूप में हुई और जबकि अन्य हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

