टैक्सी चालक को घेरकर बेरहमी से पीटा, सोने की चैन और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:23 AM (IST)
लुधियाना(राज): पंजाब में बेखौफ बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब राह चलते लोगों से लूटपाट और मारपीट की वारदातें आम हो गई हैं। ताजा मामला डेहलों इलाके का है, जहां तीन युवकों ने एक टैक्सी चालक को बीच रास्ते घेरकर न केवल उसकी बुरी तरह पिटाई की, बल्कि उससे सोने की चैन, मोबाइल और नकदी भी लूट ली।
थाना डेहलों की पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी सौरव, पंकज और समीर है।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। टैक्सी चालक कारणदीप शर्मा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर डेहलों से अपने घर रंगियां की ओर जा रहा था। जब वह गांव गोपालपुर के पास स्थित पहलवान ढाबे से थोड़ा आगे अपने दोस्त अमन की मोटर वर्कशॉप के सामने पहुंचा, तो वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपी सौरभ, पंकज और समीर ने उसे देखते ही हमला कर दिया। तीनों ने मिलकर उस के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन झपट ली और उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी छीन लिया। इतना ही नहीं, लुटेरों ने गाड़ी का डैशबोर्ड खोलकर उसमें रखे 1800 रुपये की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

