OMG! बंद कॉलोनी में घुसे चोर, लॉक तोड़कर Swift Dzire चुराई; CCTV में कैद वारदात
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 09:01 AM (IST)
लुधियाना (राज) : महानगर में वाहन चोर गिरोह के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे बंद कॉलोनियों के गेट फांदकर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला टिब्बा रोड स्थित जी.के. एस्टेट से सामने आया है, जहां चोरों ने एक रिहायशी कॉलोनी के मुख्य गेट के अंदर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार चुरा ली। कार के भीतर वोडाफोन कंपनी का हजारों रुपये का कीमती सामान भी रखा हुआ था, जिसे चोर गाड़ी समेत ले उड़े। चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। परिवार की शिकायत पर थाना टिब्बा की पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात 6 अक्टूबर की तडक़े सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सामने आया कि एक स्विफ्ट कार में सवार होकर 2 शातिर चोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी कार को कॉलोनी के मुख्य गेट की दूसरी तरफ सुरक्षित दूरी पर खड़ा किया। इसके बाद कंडक्टर सीट से एक शातिर चोर नीचे उतरा और उसने बड़े ही शातिराना अंदाज में कॉलोनी का गेट ऊपर उठाकर अपने लिए अंदर घुसने की जगह बनाई। अंदर दाखिल होते ही आरोपी सीधे टारगेट की गई स्विफ्ट डिजायर कार के पास पहुंचा। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर ने तकनीकी रूप से गाड़ी का अलार्म निष्क्रिय करने के लिए पहले कार का बोनट खोला। इसके बाद उसने गाड़ी का मुख्य लॉक तोड़ा और चालक सीट पर बैठकर कार को स्टार्ट कर लिया। बाहर खड़ी अपनी दूसरी कार में बैठे साथी के इशारे पर दोनों शातिर अपनी स्विफ्ट और चोरी की गई स्विफ्ट डिजायर को लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।
शिकायतकर्ता सोम प्रकाश ने बताया कि वह कंपनी बाग के सामने टिब्बा रोड स्थित जी.के. एस्टेट में किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह वोडाफोन कंपनी से जुड़ा काम करते हैं। अगली सुबह काम के सिलसिले में फील्ड में निकलना था, जिसके चलते उन्होंने 5 अक्टूबर की शाम को ही कंपनी से संबंधित जरूरी व कीमती सामान गाड़ी में लोड करके रख दिया था। 6 अक्टूबर की सुबह जब वे काम पर जाने के लिए बाहर निकले, तो गेट के अंदर से गाड़ी गायब देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वारदात का पता चलने पर उन्होने पुलिस को सूचना दी।

