Gurdaspur में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े झपटमारी, PNB से पैसे निकालते ही पीछे लग गए बाइक सवार
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 08:58 AM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): शहर में बुजुर्ग महिला से झपटमारी के मामले में सिटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
बैंक से पैसे निकालकर पैदल जा रही थी बुजुर्ग महिला
पुलिस को दिए बयान में मोहल्ला शहजादा नंगल निवासी कमला रानी पत्नी अजय कुमार ने बताया कि वह अपनी पोती के साथ पंजाब नेशनल बैंक, हनुमान चौक से पैसे निकलवाकर पैदल पुलिस लाइन रोड से सैनी गेस्ट हाउस वाली गली की तरफ जा रही थी। दोपहर करीब 2 बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से आए और उसके हाथ में पकड़ा लिफाफा झपटकर फरार हो गए। लिफाफे में 10 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन था। शिकायत के आधार पर सिटी गुरदासपुर पुलिस ने राघव कुमार पुत्र शाम लाल और शुभम कुमार उर्फ राम पुत्र चिमन लाल, दोनों निवासी इस्लामाबाद मोहल्ला, गुरदासपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा
जांच अधिकारी एएसआई जय सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

