हजूर साहिब माथा टेकने गया परिवार, पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़ उड़ाया सारा सामान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:35 AM (IST)

लुधियाना, (राज): महानगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे बंद घरों को निशाना बनाने से कतई नहीं कतरा रहे। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहाँ एक परिवार श्री हजूर साहिब (नांदेड़) माथा टेकने गया था, लेकिन पीछे से चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

इस मामले में थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। घर मालिक हरविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह बीती दिनों को सपरिवार घर को ताला लगाकर दर्शनों के लिए गया था। जब वह वापस लौटा तो घर का नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारियों का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के मुताबिक चोर घर से करीब 1,50,000 रुपये की नकदी, जरूरी दस्तावेज, 500 ग्राम चांदी के बर्तन, कीमती कपड़े और यहाँ तक कि बाथरूम की टोटियां तक उखाड़ कर ले गए। जब घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली गई , जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति चोरी का सामान समेट कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। थाना पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News