लुधियाना में हाईवे पर छोटा हाथी चालक को घेर लूटी नगदी और मोबाइल, मामला दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 05:43 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): थाना लाडोवाल में छोटा हाथी चालक और उसके साथी से डरा धमका कर मोबाइल फोन और नगदी लूटने वाले दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह काहलो और जांच अधिकारी थानेदार विक्रमजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता ललन कुमार पुत्र उमेश चौधरी वासी गोविंदपुर बिहार ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि 28 मई को वह अपने छोटे हाथी टेंपो पर दिल्ली से श्रीनगर की तरफ जा रहा था। इस दौरान जब साउथ सिटी हाईवे से मेगा फूड के पास पहुंचा तो पीछे से दो मोटरसाइकिल सवार लड़कों ने उसके छोटे हाथी टेंपो को रोक लिया। इसके बाद लुटेरों द्वारा उन्हें डरा धमका कर जान से मार देने की धमकियां दी गई। इसके बाद लुटेरों द्वारा उससे 2000 की नगदी और दो मोबाइल फोन लूट लिए गए और वह छोटे हाथी की चाबी लेकर फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि जिसके बाद पुलिस ने उक्त शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट करने का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज का रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके उन्होंने बताया जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

