Breaking: RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई बड़े खुलासे

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 09:04 PM (IST)

जालंधर: फगवाड़ा में RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी वारदात के कुछ ही घंटों में सुलझा ली गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संपत्ति और वित्तीय लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के चलते सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि वारदात स्थल से सिमरनजीत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की गई। गाड़ी से एक 32 बोर की पिस्तौल और एक 12 बोर की राइफल भी मिली है। पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

डीआईजी के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी शरणजीत सिंह को फगवाड़ा बाईपास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि शरणजीत सिंह मृतक सिमरनजीत सिंह का ममेरा भाई है।

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों एक प्लॉट देखने के लिए एलपीयू के लॉ गेट के पास पहुंचे थे। शरणजीत सिंह अपने पांच दोस्तों के साथ स्विफ्ट कार में आया था, जबकि सिमरनजीत सिंह अकेले अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में वहां पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के पास हथियार मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रॉपर्टी कारोबार और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सिमरनजीत सिंह पर शरणजीत सिंह के कुछ पैसे बकाया थे। इसी बात को लेकर मौके पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर शरणजीत सिंह ने अपने दोस्त संदीप की लाइसेंसी 32 बोर पिस्तौल से सिमरनजीत सिंह पर दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई 32 बोर पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि सिमरनजीत सिंह का शव जालंधर-फगवाड़ा रोड स्थित एलपीयू के लॉ गेट के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। जांच के दौरान पता चला कि उसके सिर के पीछे गोली मारी गई थी, जो माथे को चीरते हुए बाहर निकल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मृतक सिमरनजीत सिंह जालंधर के तिलक नगर क्षेत्र का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News