जालंधर के GS Honda शोरूम में हंगामा, भड़का ग्राहक, जानें क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 01:19 PM (IST)
जालंधर (सोनू) : फुटबॉल चौक स्थित GS Honda शोरूम में उस समय हंगामा हो गया, जब एक ग्राहक ने नई एक्टिवा में लगातार आ रही खराबी को लेकर शोरूम प्रबंधन पर सुनवाई न करने के आरोप लगाए। ग्राहक का कहना है कि करीब 24 दिन पहले खरीदी गई एक्टिवा रास्ते में बार-बार बंद हो रही है, जिससे वह हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा।
सेंट्रल टाउन निवासी दीपक के मुताबिक, एक्टिवा खरीदने के बाद वह टंकी फुल करवाकर नंगल की तरफ गया था। रास्ते में स्कूटर की मिसिंग शुरू हो गई और वाहन बंद होने लगा। दीपक का दावा है कि हाईवे पर एक्टिवा में आई खराबी के कारण उसकी जान पर बन आई थी। इसके बाद वह समस्या लेकर शोरूम पहुंचा, लेकिन वहां भी उसे संतोषजनक समाधान नहीं मिला।
दीपक का आरोप है कि शोरूम कर्मचारियों ने उसे एक्टिवा में शुरुआती दो महीनों तक 200 रुपये का ही पेट्रोल डलवाने की बात कही। ग्राहक ने सवाल उठाया कि अगर उसे लंबा सफर तय करना हो तो क्या रास्ते में बार-बार पेट्रोल भरवाता रहेगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक्टिवा की सर्विस ठीक तरीके से नहीं की जा रही और शिकायत करने पर कर्मचारियों का व्यवहार भी सही नहीं था।
काफी देर तक सुनवाई न होने से नाराज दीपक ने शोरूम के बाहर खड़ी एक्टिवा पर पोस्टर लगा दिए। पोस्टरों के जरिए उसने ग्राहकों को टंकी फुल न करवाने और 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल न डलवाने की बात लिखी। ग्राहक ने शोरूम से नई एक्टिवा उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी।
वहीं, शोरूम के सुपरवाइजर ने ग्राहक के आरोपों पर अपनी सफाई दी। उनका कहना था कि सुबह शोरूम खुलने के बाद बड़ी संख्या में ग्राहक एक्टिवा की सर्विस के लिए पहुंचे थे। दीपक की एक्टिवा का सर्विस नंबर भी लगा हुआ था। सुपरवाइजर के अनुसार ग्राहक जल्द सर्विस करवाने को लेकर नाराज था और इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी।
शोरूम के अधिकारियों ने 200 रुपये से ज्यादा पेट्रोल न डलवाने वाली बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि ग्राहकों को टंकी पूरी तरह फुल न करवाने की सलाह दी जाती है। उनका कहना है कि टंकी फुल होने पर गैस बनने की वजह से वाहन में परेशानी आने की संभावना रहती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

