Punjab के बठिंडा में बेअदबी : लोगों में फैला आक्रोश, मौके पर पहुंची पुलिस की टीमें
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:56 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : पंजाब के जिला रामपुरा फूल के अंतर्गत गांव फूलेवाला में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी का गंभीर मामला सामने आने से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। शरारती तत्वों द्वारा भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित पन्ने फाड़कर बस अड्डे के पास फेंके जाने की घटना ने ग्रामीणों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
जानकारी के अनुसार, गांववासियों को बस अड्डे के पास धार्मिक पुस्तकों के फटे हुए पन्ने पड़े मिले। जांच करने पर पता चला कि ये पन्ने भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तख्त श्री दमदमा साहिब के जथेदार भाई टेक सिंह धनौला अपनी टीम के साथ गांव फूलेवाला पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जत्थेदार ने बताया कि फैंके गए पन्ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब या गुटका साहिब के नहीं थे, बल्कि भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित थे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं थाना फूल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

