मोगा में किसान की मौत से सनसनी! गोली मारकर की आत्महत्या

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 08:54 PM (IST)

मोगा: मोगा के गांव धल्लेके से दुखद घटना सामने आई है, जहां गांव निवासी गुरदीप सिंह ने आज सुबह .32 बोर रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। इस घटना में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गुरदीप सिंह ने आरोप लगाया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसकी जमीन में खड़ी फसल पर कथित तौर पर स्प्रे कर दी गई थी, जिससे फसल को नुकसान पहुंचा था। इसके अलावा खेत में लगी मोटर को भी नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए थे।

गुरदीप सिंह ने लिखित शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि यह पूरा काम कनाडा में रहने वाले जोगिंदर सिंह द्वारा अपने लोगों के माध्यम से करवाया जा रहा है। इस संबंध में गुरदीप सिंह ने थाना कोट ईसे खां में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।

परिवार की ओर से बताया जा रहा है कि इसके बाद गुरदीप सिंह को कथित तौर पर एनआरआई जोगिंदर सिंह की ओर से फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। परिवार के अनुसार, इन घटनाओं के बाद से गुरदीप सिंह काफी दिनों से परेशान रहता था।

आज सुबह हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों तथा धमकियां दिए जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News