लुधियाना में नौकर दंपती का बड़ा कांड, मालिक को बेहोश कर... पैरों तले खिसक जाएगी जमीन

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 04:20 PM (IST)

 लुधियाना (राज): महानगर में घरेलू नौकरों द्वारा विश्वासघात कर घर का सफाया करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में काम करने वाले एक नौकर और उसकी पत्नी ने खौफनाक साजिश रचते हुए अपने ही मालिक को रात के समय दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। दूध पीते ही मकान मालिक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। जब पीडि़त को होश आया और उसने घर जाकर संभाला, तो अलमारी से करीब 2.5 लाख रुपये की नकदी, 105 ग्राम सोने के गहने और चांदी की अंगूठियां गायब थीं। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने नीरज सचदेवा ने नौकर दंपती—अर्जुन और उसकी पत्नी माया के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में नीरज ने बताया कि उसने अपने घर के कामकाज के लिए अर्जुन और उसकी पत्नी माया को नौकरी पर रखा हुआ था। बीती 24 सितंबर की रात नौकर अर्जुन और उसकी पत्नी माया ने रोजमर्रा की तरह पीने के लिए गर्म दूध का गिलास दिया। उस को जरा भी भनक नहीं थी कि दंपती ने दूध में कोई जहरीला या तेज नशीला पदार्थ मिला रखा है। जैसे ही दूध पिया, कुछ ही मिनटों के भीतर उसका सिर चकराने लगा और वह वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। जब परिवार के अन्य सदस्यों ने उस को कमरे में अचेत और गंभीर हालत में देखा, तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए उसे तुरंत दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे और आपातकालीन वार्ड में भर्ती करवाया। 

डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर नशीले पदार्थ के असर को कम करने के प्रयास किए। काफी समय तक उपचाराधीन रहने के बाद जब जब पूरी तरह होश आया, तो उसने परिजनों को रात के घटनाक्रम और नौकरों द्वारा दूध दिए जाने की बात बताई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब मुद्दई अपने परिजनों के साथ घर लौटा, तो कमरे के हालात देखकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। कमरे की अलमारी खुली पड़ी थी और सामान चारों तरफ बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि नौकर दंपती ने मालिक के बेहोश होते ही अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखा सारा कीमती सामान समेट लिया। 

शातिर दंपती घर से करीब ढाई लाख रुपये की नकद राशि, सोने के कीमती गहने कुल वजन करीब 105 ग्राम, तीन चांदी की जेंट्स अंगूठियां लेकर रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो गए थे। घटना की सूचना के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपति नौकरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों के घरों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नौकर दंपती को जल्द ही गिरफ्तार कर चोरीशुदा 2.5 लाख की नकदी व 105 ग्राम सोने के जेवरात बरामद कर लिए जाएंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News