लुधियाना में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप! 15-20 बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:17 PM (IST)

लुधियाना (तरुण): जमीनी विवाद के चलते 15-20 बदमाशों ने नए मकान की खुशियां मना रहे लोगों की पार्टी के माहौल को गमगीन कर दिया। बदमाशों ने कई राऊंड ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें 2 युवक घायल हो गए। जबकि एक गाड़ी पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे छलनी कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना शनिवार रात गांव कुलियेवाल की है।

पीड़ित अंकुश चोपड़ा ने बताया कि रात को वह अपने दोस्त के नए मकान में पार्टी कर रहे थे। पार्टी में करीब 10 दोस्त मौजूद थे। रात करीब पौने 12 बजे एक जोरदार धमाका हुआ। बाहर आकर देखा तो बदमाशों ने क्रेन की मदद से दीवार गिरा दी थी। विरोध जताने पर बदमाश धमकाते हुए गोलियां चलाने लगे।

PunjabKesari

गोलीबारी में उसकी आंख के ऊपर छर्रे लगे, जबकि उसका दोस्त राजदीप भी घायल हो गया। जब वे पार्टी का सामान गाड़ी में लोड कर जा रहे थे तो बदमाशों ने गाड़ी पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। किसी तरह भागकर और छिपकर उन्होंने अपनी जान बचाई।

बदमाशों की दहशत इतनी थी कि वारदात में घायल दोनों युवकों को लुधियाना के अस्पताल में भर्ती करवाने की बजाय मोहाली के सुहाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ितों के अनुसार, हमलावरों के पास आधुनिक हथियार थे।

इस संबंधी थाना प्रभारी गगनदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान पर सुखविंद्र सिंह, अमरप्रीत सिंह, जसकरण सिंह, गुरजीत सिंह और 10-12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल, आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही फायरिंग करने वाले आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। विवाद प्रॉपर्टी को लेकर हुआ है। दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। पुलिस को मौके से गोली के कई खोल बरामद हुए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News