SGPC चुनाव 42 का खेलः क्या बीबी के पक्ष में वोट डालने वालों को बाहर का रास्ता दिखाएंगे सुखबीर?

punjabkesari.in Thursday, Nov 10, 2022 - 09:32 AM (IST)

जालंधर (अनिल पाहवा): 2022 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों के जब परिणाम आए तो 2 राजनीतिक दलों को मिली सीटों ने सभी को चौंका दिया। एक तो आम आदमी पार्टी जो 92 सीटें ले गई और दूसरा शिरोमणि अकाली दल जो 3 सीटों पर ही सिमट गया। इस परिणाम ने काफी हद तक साफ कर दिया था कि अकाली दल की स्थिति पंजाब में बेहतर नहीं है। लेकिन जिस तरह से एस.जी.पी.सी. चुनावों में अकाली दल के उम्मीदवार के खिलाफ खड़ी हुई बीबी जगीर कौर को 42 वोट मिले हैं, उसने यह साफ कर दिया है कि अकाली दल की नींव में दरार आ चुकी है। बुधवार को हुए एस.जी.पी.सी. के चुनावों में शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार हरजिंद्र सिंह धामी को 104 मत मिले। बेशक बीबी हार गईं लेकिन जो पक्ष में 42 वोट मिले वह अकाली दल व पार्टी की नींव तक की कहानी बयां कर गए। बड़ा सवाल यह है कि पार्टी प्रधान सुखबीर बादल को बीबी जगीर कौर ने न केवल कड़ी टक्कर दी है बल्कि उनको यह दिखाने की कोशिश की है कि उन्हें अपनी रणनीति को बदलना होगा ताकि पार्टी को एकजुट रख सकें वर्ना 42 लोगों का पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ वोट करना कोई सामान्य घटना नहीं है।

बीबी के लिए आगे का रास्ता ?
बीबी जगीर कौर अकाली दल से बाहर आ चुकी हैं और एस.जी.पी.सी. के चुनावों में मैदान में उतर कर उन्होंने सीधे सुखबीर बादल के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया है। बीबी जगीर कौर अब आगे क्या करेंगी, यह बड़ा सवाल है। कांग्रेस में वह जा नहीं सकतीं, लेकिन भाजपा में जाने का एक रास्ता अभी भी उनके पास खुला है। बड़ी बात यह है कि भाजपा के पास भी अभी तक पंथ वोट बैंक में सेंध लगाने वाला कोई चेहरा उसे नहीं मिला था लेकिन बीबी जगीर कौर के रूप में पार्टी की तलाश पूरी हो सकती है। 

सुखबीर बादल अब आगे क्या करेंगे?
सुखबीर बादल के सामने बड़ी चेतावनी है कि वह अब क्या उन 42 लोगों को बाहर का रास्ता दिखाएंगे जिन्होंने पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ वोट किया है। अगर सुखबीर ऐसा करते हैं तो अकाली दल को बड़ा नुक्सान उठाना पड़ सकता है। कारण है कि पार्टी के अंदर मजबूत लोगों की पहले से ही कमी महसूस हो रही है। अगर कहीं छंटनी की जाती है तो पार्टी के हालात और खराब हो सकते हैं। 

बीबी हो सकती हैं खडूर साहिब से भाजपा का चेहरा!
वर्ष 2024 में लोकसभा के चुनाव होने हैं। इन चुनावों में बीबी जगीर कौर खडूर साहिब से भाजपा की उम्मीदवार हो सकती हैं। वह इस सीट पर पहले भी अकाली दल की टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं तथा करीब &0 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रही थीं। इस सीट पर जसबीर सिंह गिल ने कांग्रेस की टिकट पर जीत हासिल की थी तथा उन्हें करीब 4& प्रतिशत वोट मिले थे। यह क्षेत्र बीबी के लिए नया नहीं है तथा वह इलाके की गली-गली घूमी हुई हैं। वह यह बात कह चुकी हैं कि अकाली दल के बड़े लीडरों की एक-दूसरे के साथ खींचतान के कारण वह चुनाव हारी थीं। अगर भाजपा उन्हें मैदान में उतारती है तो परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News