''राधा स्वामी'' कहकर बुजुर्ग महिला को लगाया गले और फिर..., पूरा मामला कर देगा दंग
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 11:52 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के अधीन पड़ते गांव हंबड़ां में महिलाओं द्वारा गले मिलकर सोने के गहने झपटने का बेहद शातिराना मामला सामने आया है। अपनी बहू के साथ पति को खाना देने दुकान जा रही एक बुजुर्ग महिला को स्विफ्ट कार सवार दो शातिर महिलाओं ने 'राधा स्वामी' कहकर अचानक गले लगा लिया। इसके बाद महिलाओं ने झपट्टा मारकर बुजुर्ग महिला के दाएं कान से सोने की बाली खींच ली और अपनी कार में बैठकर तेजी से फरार हो गईं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता माया देवी ने बताया कि सुबह करीब 10:00 बजे वह अपनी बहू के साथ अपने पति को दुकान पर खाना देने के लिए पैदल जा रही थी। जब वे दोनों पंजाब नेशनल बैंक गांव हंबड़ां के पास पहुंचे, तो पीछे से एक सफेद/संदिग्ध स्विफ्ट कार आकर उनके पास रुकी। कार रुकते ही उसमें से दो अज्ञात महिलाएं तेजी से नीचे उतरीं और बुजुर्ग महिला के पास आ गईं। कार से उतरी महिलाओं ने बुजुर्ग महिला को जान-पहचान का दिखाते हुए अचानक बड़े प्यार से 'राधा स्वामी' कहा और उन्हें गले लगा लिया। गले मिलने के बहाने शातिर महिलाओं ने पलक झपकते ही पीड़िता के दाएं कान में पहनी हुई सोने की बाली पर झपट्टा मारा और उसे झटके से खींच लिया। बाली खींचते ही दोनों महिलाएं तुरंत अपनी स्विफ्ट कार में बैठ गईं और चालक कार को तेज गति में भगाकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
अचानक हुए इस हमले से बुजुर्ग महिला दर्द से कराह उठी और जब तक वे शोर मचाते, आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। पुलिस पंजाब नेशनल बैंक और हंबड़ां मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि स्विफ्ट कार के नंबर और आरोपियों के रूट को ट्रेस कर गिरोह को बेनकाब किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

