नवविवाहिता पर Firing मामले में चौंकाने वाला खुलासा, शादी से खफा युवक ने रची वारदात
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 11:41 AM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब के तरनतारन में नवविवाहिता रूबी पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक एक सनकी आशिक था और युवती से विवाह करना चाहता था, लेकिन करीब 2 महीने पहले उसके परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवक से कर दी। इसी बात से वह रंजिश रखे हुए था।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद आरोपी युवती के घर भी पहुंचा था और उसकी मां से नाराजगी जताई थी और धमकी भी थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि दूसरी जगह रिश्ता कर परिवार ने ठीक नहीं किया। जब युवती की मां इस संबंध में आरोपी के घर गईं, तो वहां भी विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान युवक की मां ने अपने बेटे को समझाने की बजाय उलटा लड़की की मां को बोलने लगी। वह कहने लगी कि मेरा बेटा आपकी लड़को को पसंद करता था तो आपने इसकी दूसरी जगह शादी क्यों करवाई।
इसी बीच 21 फरवरी को जब नवविवाहिता रूबी मेहरा अपने पति के साथ दवाई लेने आ रही थी, तभी सामने से एक्टिवा पर आ रहे एक युवक ने पहले रूबी के पति के साथ मारपीट की। इस दौरान जब शादीशुदा महिला ने छुड़ाने की कोशिश की तो युवक ने उसे भी धक्का दिया और फिर रूबी मेहरा को गोली मार दी। नवविवाहिता रूबी के 3 गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जीवन के लिए संघर्ष कर रही है और अभी तक उसे होश नहीं आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने पीड़िता के पति अंश ग्रोवर की शिकायत पर आरोपी करण और उसकी मां जसबीर कौर के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 109, 61(2), 127(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

