Punjab : नकाबपोशों ने मेडिकल स्टोर पर चलाई गोलियां, मालिक घायल

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 10:25 AM (IST)

तरनतारन (रमन): बॉर्डर एरिया में स्थित गांव अमरकोट में गत दिन 11 बजे जज मेडिकल स्टोर पर नकाबपोश हमलावरों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है, जिससे दुकान मालिक सुनील अरोड़ा छर्रे लगने से घायल हो गए। हमलावर फिरौती न मिलने पर इस घटना को अंजाम देने आए थे। इसके पीछे गैंगस्टर प्रभ दासूवाल का नाम बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जहां दुकान मालिक को घायल हालत में भिखीविंड के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

medical store firing

जानकारी के अनुसार, कस्बा अमरकोट में जज मेडिकल स्टोर के मालिक सुनील अरोड़ा पुत्र जज पाल अरोड़ा निवासी अमरकोट सुबह अपनी दुकान खोलकर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने दुकान के सामने खड़े होकर चार राउंड फायरिंग की। इस फायरिंग के दौरान दुकान के आगे लगा शीशा टूट गया और गोलियां चारों तरफ फैल गईं। इस फायरिंग में दुकान के अंदर मौजूद सुनील अरोड़ा टांग में छर्रे लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए भिखीविंड के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस फायरिंग के पीछे गैंगस्टर प्रभ दासूवाल का हाथ बताया जा रहा है, जो पिछले कुछ महीनों से दुकान मालिक से 30 लाख रुपए की फिरौती मांग रहा था।

फिरौती न मिलने पर आज इस घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद परिवार में काफी सहम है और इलाके के दुकानदार पुलिस प्रशासन से लगातार हो रही रंगदारी की वारदात को रोकने की मांग कर रहे हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। जानकारी देते हुए डी.एस.पी. भिखीविंड प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज कब्जे में लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News