भाजपा 15 अगस्त से प्रदेश भर में आरंभ करेगी ‘कांग्रेस पंजाब छोड़ो’ आंदोलन: श्वेत मलिक

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 09:50 AM (IST)

चंडीगढ़ (शर्मा): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष श्वेत मलिक ने कैप्टन सरकार पर पंजाब में झूठ की बैसाखियों पर चलने का आरोप लगाते हुए ‘कांग्रेस पंजाब छोड़ो’ आंदोलन का ऐलान किया है। मीडिया को जारी विज्ञप्ति में मलिक ने कहा कि 15 अगस्त से लुधियाना से आरंभ हो रही पदयात्रा से पूरे प्रदेश के हर जिले में भाजपा कांग्रेस सरकार के 17 महीनों के कुशासन से जनता को जागरूक करवाएगी।

मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 वर्षों के कुशल पारदर्शी नेतृत्व से सबका साथ, सबका विकास करके पूरे विश्व में भारत की साख को बढ़ाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कै. अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पंजाब की जनता से विश्वासघात करके खून के आंसू रुलाने के लिए मजबूर कर रही है। अपने मंत्रियों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए पंजाब की जनता का हक छीन रही है। कैप्टन सरकार नशे पर नकेल डालने में बुरी तरह नाकाम सिद्ध हो रही है।

कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब के युवक बेरोजगारी व निराशा के चलते नशे की दलदल में धंस रहे हैं। प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है जिस कारण नशे के सौदागरों के साथ रेत माफिया का आतंक पूरे पंजाब मे फैला हुआ है। मलिक ने कहा कि पंजाब भाजपा प्रदेश की जनता पर हो रहे अत्याचार को और बर्दाश्त नहीं कर सकती। इसलिए कांग्रेस को उखाडऩे के लिए भाजपा कांग्रेस सरकार के विरुद्ध आंदोलन के जरिए सड़कों पर उतरेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News