सरहिंद चो उफान पर! इस क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में मची हाहाकार

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2023 - 07:00 PM (IST)

भवानीगढ़ (कांसल): स्थानीय क्षेत्र से गुजरने वाले सरहिंद चो के उफान पर होने के कारण महिमसपुर, नंदगढ़, रसूलपुर छन्ना, गहिलां, जालान, खेड़ी चंदवां, संतोखपुरा और घराचों सहित लगभग एक दर्जन गांवों के खेतों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ की स्थिति के कारण लगभग 450 एकड़ धान, हरा चारा और अन्य फसलें पानी में डूब जाने से क्षेत्र के किसानों में गुस्से की लहर है।

इस संबंध में अपना रोष व्यक्त करते हुए शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के सर्कल घराचों के अध्यक्ष निहाल सिंह नंदगढ़, परमजीत सिंह खेड़ी चंदवां, सरदारा खान रसूलपुर छन्ना, मेवा सिंह, दर्शन सिंह गहिला, गुरजंट सिंह गहिला, प्रवीण सिंह सजूमा, राज सिंह, सुखचैन सिंह, हमीर सिंह, हरजिंदर सिंह, दर्शन सिंह, जग्गा सिंह, काला सिंह और मक्खन सिंह नंदगढ़ सहित यहां एकत्र हुए बड़ी संख्या में किसानों ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण उक्त चो में क्षमता से कहीं अधिक पानी छोड़े जाने के कारण बारिश का यह पानी अब ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों में बहने लगा है जिससे किसानों की धान की फसल और जानवरों के लिए लगाया गया हरा चारा पानी में डूब गया है जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।

किसानों ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उक्त चो में और पानी छोड़ना नहीं रोका गया तो यह पानी गांवों के रिहायशी क्षेत्र के घरों में घुस जाएगा, जिससे उन्हें काफी नुकसान होगा। किसानों का आरोप है कि पंजाब सरकार और नहर विभाग की ओर से नहरों की सफाई न करवाने के कारण उनकी सैंकड़ों एकड़ फसल पानी की चपेट में आ गई है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकतर किसानों ने ठेके पर जमीन लेकर धान लगाया है और अब उनके पास दोबारा धान लगाने के लिए धान की पनीरी भी नहीं है।

किसानों ने बताया कि पिछले कई दशकों से वे लगातार इस चो के पानी से परेशान होते आ रहे हैं। उन्होंने सरकार से चो में क्षमता से अधिक पानी छोड़ने पर रोक लगाने, किसानों की फसलों के नुकसान का मुआवजा देने तथा पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था करने की मांग की। स्थानीय प्रशासन की टीम जिसमें शामिल नायब तहसीलदार मंगू बंसल, पुलिस प्रमुख इंस्पेक्टर जसप्रीत सिंह और सी.आई.डी. प्रभारी दलवीर सिंह ढिल्लों ने नंदगढ़, रसूलपुर छन्ना, मेहसामपुर और खीड़ी चंदवां गांवों में पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और किसानों और गांव के लोगों से बातचीत की‌। उन्होंने कहा कि प्रशासन भोजन, पानी, चिकित्सा सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो वे प्रशासन के ध्यान में लाएं और उन समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Paras Sanotra

Related News