''भाई, कहां जा रहे हो?''.... कार में आए युवकों ने बातों में उलझाकर दिया वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 05:02 PM (IST)

पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट और आस-पास के इलाकों में लूटपाट करने वाले अपराधियों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। जहां पहले लुटेरे मोटरसाइकिल और स्कूटर पर वारदात करते थे, वहीं अब वे कारों में सवार होकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसी ही एक घटना सदर थाना के तहत बहलोलपुर मोड़ पर हुई, जहां कार सवार अज्ञात लुटेरों ने मदद के बहाने एक किसान का मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली।

पुलिस को दी अपनी शिकायत में गांव भोआ के रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब 2:30 बजे अपनी मूली की फसल ऑटो रिक्शा में लोड करके पठानकोट सब्जी मंडी जा रहा था। वह खुद मोटरसाइकिल चला रहा था। जब वह बहलोलपुर मोड़ के पास पहुंचा तो वह पेशाब करने के लिए सड़क किनारे रुका, जबकि उसके साथी ऑटो रिक्शा लेकर आगे चले गए।

इसी बीच, एक काली कार वहां आकर रुकी। कार ड्राइवर ने खिड़की से पूछा, "भाई, कहां जा रहे हो?" राजेश जवाब दे पाता, इससे पहले ही कार की दूसरी तरफ से एक युवक निकला और उसकी जेब से मोबाइल फोन और गले से सोने की चेन छीन ली। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत कार में बैठकर भाग गए।

पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद उसने काफी शोर मचाया, लेकिन रात करीब 2:45 बजे सुनसान सड़क पर कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद वह सदर थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर कार में सवार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जांच अधिकारी ASI सुरिंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News