जीवनज्योत प्रोजेक्ट के तहत लुधियाना में विशेष रेस्क्यू अभियान, 4 बच्चों को किया गया रेस्क्यू
punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 04:59 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): जिला कार्यक्रम अधिकारी एस. गुरमीत सिंह के निर्देशों पर बच्चों की सुरक्षा, कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से शनिवार को लुधियाना शहर के विभिन्न इलाकों में ‘जीवनज्योत प्रोजेक्ट’ के तहत विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लुधियाना रेलवे स्टेशन, माता रानी चौक, दुर्गा माता चौक, दंडी स्वामी रोड और पवेलियन चौक सहित कई संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान टीम ने चार बच्चों को रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), लुधियाना के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद बच्चों के संबंध में जुवेनाइल जस्टिस (जे.जे.) एक्ट और निर्धारित बाल संरक्षण नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह विशेष अभियान जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) श्रीमती रश्मि के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान संदीप सिंह, मनजोत सिंह, किरणदीप कौर, ज्योति, कमलजीत कौर और शरद सूद सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की ओर से संदीप सिंह तथा डीसीपीओ कार्यालय के स्टाफ से भूपिंदर सिंह ने भी अभियान में भाग लिया। पुलिस प्रशासन की ओर से भी अभियान के दौरान टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
अधिकारियों के अनुसार रेस्क्यू किए गए बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, पुनर्वास और आवश्यक सहायता को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और बाल संरक्षण दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही है। जीवनज्योत प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें समय पर सहायता, संरक्षण और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग ने भविष्य में भी बच्चों की सुरक्षा के लिए ऐसे रेस्क्यू अभियान और जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

