लुधियाना में नगर निगम कमिश्नर का तबादला, नए अधिकारी की हुई नियुक्ति
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 09:38 PM (IST)
लुधियाना (हितेश/राज): पंजाब सरकार द्वारा राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए महानगर के नगर निगम (MC) कमिश्नर की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। जारी किए गए ताजा प्रशासनिक आदेशों के तहत लुधियाना नगर निगम के कमिश्नर आईएएस ओजस्वी (2020 बैच) का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह पर पंजाब सिविल सेवा (PCS) के वरिष्ठ अधिकारी अंकुर महिंद्रू (2016 बैच) को लुधियाना नगर निगम का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
आदेशों में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस फेरबदल को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। इसके साथ ही नवनियुक्त नगर निगम कमिश्नर अंकुर महिंद्रू को तुरंत लुधियाना पहुंचकर अपना नया कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है।
फील्ड व प्रशासनिक स्तर पर अनुभवी हैं PCS अंकुर महिंद्रू
2016 बैच के पीसीएस अधिकारी अंकुर महिंद्रू इससे पहले भी पंजाब के विभिन्न जिलों और विभागों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। महानगर लुधियाना जैसे बड़े औद्योगिक शहर में नगर निगम कमिश्नर के रूप में उनकी तैनाती को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, आगामी निगम चुनावों की तैयारियों, जल निकासी तथा अतिक्रमण विरोधी अभियानों को गति देना उनकी प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।



