देर रात हुए हादसे से सनसनी! तेज रफ्तार थार बनी काल! एक व्यक्ति की मौत
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 10:54 PM (IST)
बटाला (बेरी): बटाला में शनिवार देर रात डीलक पुल के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी के चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिविल लाइन के सब-इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि एक थार गाड़ी अमृतसर की ओर से बटाला की तरफ आ रही थी। जब गाड़ी डीलक पुल के पास पहुंची तो चालक ने सड़क पर मौजूद एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे में शामिल थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सिविल अस्पताल बटाला की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।



