आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, बच्चे पर किया हमला, लोगों में डर का माहौल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 01:47 PM (IST)
फिरोजपुर (खुल्लर): फिरोजपुर छावनी में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। मंगलवार को एक बच्चे को आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोच दिया। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार छावनी के कई इलाकों में 15 से 20 कुत्तों के झुंड आमतौर पर घूमते दिखाई देते हैं। रात के समय राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों पर झपटने की घटनाओं से लोग परेशान हैं। सुबह की सैर करने वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों में भी डर का माहौल है।
सिर्फ पकड़ने से नहीं, व्यवस्थित समाधान से रुकेगा आतंक
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या का समाधान केवल कुछ कुत्तों को पकड़कर दूसरी जगह छोड़ देने से नहीं होगा। प्रशासन को स्थायी और वैज्ञानिक कार्ययोजना बनानी होगी। इसके तहत क्षेत्रवार आवारा कुत्तों की गणना, बड़े पैमाने पर नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण, उनकी पहचान के लिए रिकॉर्डिंग तथा नियमित निगरानी जरूरी है। इसके साथ ही घायल, बीमार और आक्रामक कुत्तों के लिए उचित पशु चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित शेल्टर की व्यवस्था की जानी चाहिए। शेल्टर की जिम्मेदारी और संचालन की नियमित निगरानी भी हो, ताकि व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

