उद्योगों के लिए विशेष रूप से सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे : सी.एम. मान
punjabkesari.in Thursday, Sep 14, 2023 - 08:46 PM (IST)

जालंधर : राज्य के औद्योगिक विकास, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का विशेष ध्यान रखते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज उद्योगपतियों को राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आज यहां 'गवर्नमेंट-इंडस्ट्री मीट' के दौरान अपने विचार रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगपतियों का फलना-फूलना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इस कदम से दोहरा उद्देश्य पूरा होगा, क्योंकि इससे जहां औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर तैयार होंगे। मान ने उद्योगपतियों को इन क्षेत्रों में अपनी इकाइयां स्थापित करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपनी नौकरी छोड़कर हमेशा गरीबों और दबे-कुचले लोगों की सेवा की है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि दिल्ली के राम लीला मैदान से शुरू हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी का गठन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जमीनी स्तर पर जनता से दिल से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के लगातार प्रयासों से आम आदमी पार्टी आज देश की राष्ट्रीय पार्टी है। भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का एकमात्र उद्देश्य लोगों की सेवा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जालंधर में एक कन्वेंशन सेंटर स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि यह सेंटर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के पास स्थापित किया जाएगा ताकि उद्योगपतियों को सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि पंजाब ने देश के बाकी हिस्सों को पछाड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए जनता के बीच जाने की बजाय महलों में रहने वाले नेताओं को राज्य के राजनीतिक मानचित्र से मिटा दिया गया। उन्होंने कहा कि अब राज्य में एक नया युग शुरू हो गया है और जो लोग खुद को अजेय समझते थे, पंजाब की जनता ने उन्हें सत्ता के गलियारों से उखाड़ कर घर बैठा दिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब में अब बदलाव दिखना शुरू हो गया है क्योंकि पहली बार शासन में लोक हितैषी फैसलों को प्राथमिकता मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता इन अनुभवी राजनेताओं से तंग आ चुकी है क्योंकि उन्होंने अपने संकीर्ण हितों के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं ने हमेशा लोगों को गुमराह किया है, जिसके कारण लोगों ने इन्हें बुरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को जनता को लूटने का अनुभव भले ही न हो, लेकिन हमारे पास अस्पताल, स्कूल और अन्य जनकल्याणकारी कार्य चलाकर जनता की सेवा करने का अनुभव जरूर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान लोग सफल होने से डरते थे क्योंकि नेताओं को उनके काम में हिस्सा मिलता था। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने लोगों को,खासकर सफल उद्योगपतियों को लूटा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली राज्य सरकारों द्वारा उद्योगपतियों पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं और बाद में उन्हें चोर तक कहा गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम वाली वास्तव में उद्योग समर्थक सरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के कारण 2015 के बाद बैकलॉग कोयला खदानों से कोयले की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने इस कोयला खदान से सप्लाई बंद करके निजी थर्मल प्लाटों से अवैध तरीके से पैसा वसूला था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धान के सीजन के दौरान भी उद्योग को निर्बाध बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हितों की रक्षा के लिए कड़ा संघर्ष कर रही है।