लाश बने पिता को देख बिलख कर रो पड़ी कनाडा से आई बेटियां, मंजर देख नम हुई हर आंख

punjabkesari.in Wednesday, Jun 01, 2022 - 12:33 PM (IST)

जालंधर: ए.सी.पी. नॉर्थ सुखजिंदर सिंह से परेशान होकर खुदकुशी करने वाले गनमैन सरवण सिंह की दोनों बेटियां कनाडा से जालंधर पहुंच गई। जैसे ही वह अपनी माता और भाई के साथ सिविल अस्पताल में पिता का शव देखने आई तो उसके तुरंत बाद ही पारिवारिक सदस्यों ने सिविल अस्पताल के बाहर धरना दे दिया। इस दौरान सदस्य इस बात पर अड़ गए कि जब तक ए.सी.पी. सुखजिंदर सिंह और उनके दोनों साथियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक वह अपने पिता का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। जैसे ही मृतक ए.एस.आई. सरवण सिंह के परिजनों ने रोड जाम की तो वाहनों की कतारें लग गई। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो डी.सी.पी. इंवैस्टिगेशन जसकरण जीत सिंह तेजा व डी.सी.पी. जगमोहन सिंह अन्य अधिकारियों समेत मौके पर पहुंच गए।

PunjabKesari

उन्होंने पीड़ित परिवार का पक्ष सुना और भरोसा दिया कि अगर ए.सी.पी. पर केस दर्ज हो सकता है तो उसकी गिरफ्तारी भी निश्चित होगी। सही तत्थों की जानकारी देते डी.सी.पी. तेजा ने धरना उठवा दिया व परिवार को संस्कार के लिए भी मना लिया।मंगलवार को ए.एस.आई. सरवण सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान उन्हें पुलिस मुलाजिमों ने सलामी भी दी जबकि संस्कार दौरान पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। सरवण सिंह को अंतिम विदाई देते समय परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। सरवण सिंह के मृत देह का डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। कनाडा से आई सरवण सिंह की बेटी लवप्रीत कौर ने बताया कि मौत से पहले सरवण सिंह ने उन्हें वीडियो भेजी थी। आसपास खड़े लोग उन्हें बुरा-भला बोल रहे थे। उसने बार बार फोन किए लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिर सरवण सिंह के साथी मुलाजिम सुच्चा सिंह को फोन किया तो उसने कहा कि वह अभी बात करवाता है। लवप्रीत ने फिर अपनी माता को फोन करके सारी जानकारी दी। लवप्रीत कौर ने बताया कि दोबारा फोन उठाने पर सुच्चा सिंह ने ए.सी.पी. सुखजिंदर सिंह को फोन किया जिसने कहा कि वह पांच-दस मिनट में सरवण सिंह से बात करवाता है लेकिन उसके आधे घंटे बाद ही फोन बंद हो गया। फोन बंद करने से पहले ए.सी.पी. ने सरवण सिंह की पत्नी को गोली मार देने की बात बता दी थी।

लवप्रीत कौर ने कहा कि उसके पिता सुसाइड नहीं कर सकते थे लेकिन ए.सी.पी. लगातार उन्हें तंग कर रहा था। सुसाइड से पहले ए.सी.पी. सुखजिंदर सिंह के घर के बाहर की सी.सी.टी.वी. फुटेज भी वायरल हुई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपनी पत्नी और प्राईवेट लोगों के सामने सुखजिंदर सिंह सरवण सिंह से बहस कर रहा है। उसने बाद में उसे चलते हुए धक्के भी मारे थे। यह सब कुछ ए.सी.पी. की पत्नी और उसके दो करीबी जानकार राजीव अग्रवाल व गुरइकबाल सिंह के सामने हुआ।उधर डी.सी.पी. तेजा ने परिवार के सदस्यों से बात की। डी.सी.पी. ने कहा कि ए.सी.पी. और उसके दोनों साथियों की गिरफ्तारी होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों ने सुनी सुनाई बातों में आकर इस दुख के समय धरना लगाने का फैसला लिया था लेकिन वीडियो, ऑडियो और सही तथ्य बता कर उन्हें शांत करके संस्कार के लिए मना लिया गया था।हालांकि परिवार का कहना था कि पहले दिन ही ए.सी.पी. को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। वह थाना 7 में भी आया था लेकिन पुलिस ने अरैस्ट नहीं किया। बता दें कि अर्बन स्टेट फेज-1 में रहते ए.सी.पी. नॉर्थ सुखजिंदर सिंह के गनमैन ए.एस.आई. सरवण सिंह ने ए.सी.पी. से परेशान होकर अपने सिर पर गोली मार कर खुदकुशी कर ली थी। ऐसे में सरवण सिंह की पत्नी रणजीत कौर के बयानों पर ए.सी.पी. सुखजिंदर सिंह समेत उसके दोनों जानकारों के खिलाफ धारा 306,34 आई.पी.सी. के तहत केस दर्ज कर लिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News