सुनील जाखड़ का कांग्रेस पर हमला, कहा- हाईकमान नियंत्रण से बाहर, प्रदेश नेतृत्व बेलगाम

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:21 PM (IST)

चंडीगढ़: सुनील जाखड़ ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी को पंजाब आकर अपने ही नेताओं को सार्वजनिक रूप से नसीहत देनी पड़ी, उससे यह साबित होता है कि कांग्रेस का हाईकमान अपना प्रभाव खो चुका है और प्रदेश नेतृत्व बेलगाम हो गया है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लिखा कि आप चाहे कितने भी बड़े क्यों न हों, टीम प्लेयर बनिए; नहीं तो खड़गे जी और मैं आपको ठीक कर देंगे। उन्होंने कहा कि यह वाक्य आज बरनाला में हुई कांग्रेस रैली के उद्देश्य को पूरी तरह स्पष्ट करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में न तो पंजाब के लिए कोई एजेंडा था और न ही किसानों या मज़दूरों से जुड़े मुद्दों पर कोई चर्चा हुई। इसके बजाय, यह पहले से ही कमजोर पड़ चुके कांग्रेस हाईकमान की ओर से राहुल गांधी की एक बेबसी भरी कोशिश थी, जिसके ज़रिये उक्त चेतावनी देकर पंजाब के बिखरे हुए प्रदेश नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाकर एकजुट करने का प्रयास किया गया। जाखड़ ने कहा कि ऐसा करते हुए राहुल गांधी ने न केवल प्रदेश नेतृत्व को सार्वजनिक हंसी का पात्र बनाया, बल्कि अपनी नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल खड़े कर दिए।

उन्होंने कहा कि जो बात बंद कमरे में समझाई जा सकती थी, उसके लिए कांग्रेस को रैली आयोजित करनी पड़ी और सार्वजनिक रूप से अपने ही प्रदेश नेताओं की क्लास लगानी पड़ी। उनके अनुसार, यह स्थिति इसलिए उत्पन्न हुई है क्योंकि कांग्रेस हाईकमान पार्टी की राज्य इकाइयों पर अपना नियंत्रण खो चुका है।

दूसरी ओर, शेलर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया। प्रतिनिधियों ने बताया कि जाखड़ ने एसोसिएशन के साथ मिलकर केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी के समक्ष फोर्टिफाइड चावल का मुद्दा उठाया था।

रंजन कमरा (कन्वीनर, पंजाब भाजपा सेल), रोहित अग्रवाल (राष्ट्रीय शेलर संघ के अध्यक्ष), कर्नल इंदरपाल सिंह ढालीवाल (चेयरमैन), सोनू गर्ग (महासचिव), साहिल मोदी (सदस्य), रोहित कपूर और पवन कुमार (खरड़) सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुनील जाखड़ की पहल के कारण ही उनका यह मुद्दा हल हुआ है।

इस अवसर पर जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हमेशा किसानों और उनसे जुड़े सभी वर्गों के मुद्दों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शेलर उद्योग की मुख्य मांग पूरी होने का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा, क्योंकि किसानों द्वारा उत्पादित धान की शेलिंग इसी उद्योग के माध्यम से की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि आढ़तिया एसोसिएशन की मांगों को भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जा चुका है और उम्मीद है कि उनका भी जल्द समाधान निकलेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News