सुनील जाखड़ ने किसानों को दिया डील के मुद्दे पर बातचीत का निमंत्रण, बोले- किसी को कोई शंका है तो...

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 06:10 PM (IST)

खरड़ /चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने किसान संगठनों को आमंत्रित करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में यदि उन्हें कोई कमी दिखाई देती है तो वे आंदोलन की बजाय वार्ता का रास्ता अपनाएं। उन्होंने दोहराया कि यह समझौता किसानों, विशेषकर पंजाब के किसानों पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं डालेगा। इससे उद्योग और व्यापार को लाभ होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

आज यहां साहिबजादा अजीत सिंह नगर और रोपड़ के भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्यों और मंडल अध्यक्षों को इस व्यापार समझौते संबंधी विस्तृत जानकारी देने के लिए बुलाई गई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने फिर स्पष्ट किया कि पंजाब में पैदा होने वाली फसलें गेहूं, धान, मक्का, गन्ना आदि को इस समझौते से बाहर रखा गया है और इनका किसानों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सुनील जाखड़ ने कहा कि आज हर किसान मानता है कि खेती लाभकारी व्यवसाय नहीं रह गई है। इससे परिवार का गुजारा तो हो रहा है, लेकिन बच्चों की इच्छाओं को पूरा करने जितनी आय नहीं हो रही। हर परिवार चाहता है कि उसके बच्चों को खेती के अलावा अन्य रोजगार मिले। यह तभी संभव है जब नए उद्योग स्थापित हों और व्यापार बढ़े। यह डील उसी दिशा में एक कदम है। इसके माध्यम से हमारे उद्योग और व्यापार को अमेरिका की 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुंच मिलेगी। उद्योग और व्यापार बढ़ेंगे तो युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने किसान संगठनों से अपील की कि वे इस डील से पंजाब के किसानों पर पड़ने वाले प्रभाव को स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान संगठन को लगता है कि इससे पंजाब के किसानों पर असर पड़ेगा तो वे बातचीत करें, हमारे दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन तब किया जाता है जब बातचीत का रास्ता बंद हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित हैं और इस डील में भी पंजाब के किसानों के हितों की उसी दृढ़ता से रक्षा की गई है।

भाजपा अध्यक्ष ने किसान संगठनों से यह भी अपील की कि इस समय पंजाब में कृषि नीति लागू किए जाने की आवश्यकता है। इसके लिए एक वर्ष पहले किसानों ने धरना भी दिया था, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। नशा हमारी अगली पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आंदोलन करना है तो इन मुद्दों पर किया जाए, न कि ऐसे मुद्दे पर जो है ही नहीं, क्योंकि इस डील में पंजाब विरोधी कुछ भी नहीं है। एक किसान होने के नाते वे यह बात पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति अमेरिका को फिर से महान बनाने की बात कर रहे हैं और वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हितों की रक्षा करते हुए भारत को महान बनाने की नीति को सफलतापूर्वक लागू किया है, जिसके लिए उनकी सराहना की जानी चाहिए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने मोगा में दो प्रवासी मजदूरों पर हुई गोलीबारी की घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि पहले कारोबारी ऐसे हालात का सामना कर रहे थे और अब मजदूरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार को नींद से जागने की नसीहत देते हुए कहा कि समाज में दरार डालने वाली ऐसी घटनाओं को सख्ती से रोका जाना चाहिए, क्योंकि यह गुरु साहिबानों द्वारा दिखाए गए सिद्धांतों के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उद्योग और पंजाब की खेती में प्रवासी मजदूरों की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News