अमृतसर में सुनील जाखड़ ने गगनदीप रंधावा के परिवार से की मुलाकात, बोले - “AAP सरकार गैंग की तरह काम कर रही है”

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 11:45 PM (IST)

अमृतसर: अमृतसर में भाजपा के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार से मुलाकात की और गहरा दुख व्यक्त किया। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। जाखड़ ने परिवार को भरोसा दिलाया कि पार्टी इस मामले में न्याय के लिए पूरी तरह खड़ी रहेगी।

मीडिया से बात करते हुए जाखड़ ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले अपराध गैंगस्टरों द्वारा ही होते थे, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि लोगों को सीधे मौत के मुंह में धकेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा नशे की वजह से तबाह हो रहे हैं और अब सरकारी दबाव के कारण ऐसी घटनाएँ सामने आ रही हैं।

जाखड़ ने आम आदमी पार्टी की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह सरकार नहीं, बल्कि एक “गैंग” की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री और विधायकों का एक समूह पंजाब को लूटने में लगा हुआ है और गगनदीप रंधावा को आत्महत्या के लिए मजबूर करना इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने इस घटना को सरकार पर कलंक बताया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी कड़ा हमला करते हुए जाखड़ ने कहा कि एक तरफ राज्य में कानून-व्यवस्था डगमगा रही है और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि यह पीड़ित परिवार के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है।

जाखड़ ने चीफ सेक्रेटरी द्वारा जांच कराने की घोषणा पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह पहली बार है कि किसी आत्महत्या मामले की जांच चीफ सेक्रेटरी कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच CBI से करवाई जाए ताकि सच सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। अंत में उन्होंने कहा कि सिर्फ़ इस्तीफा देने से कुछ नहीं होगा, बल्कि जिम्मेदार लोगों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News