सुनील जाखड़ का CM मान पर निशाना, बोले- ‘पंजाब की जवानी नशे से हो रही बर्बाद’
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 01:32 PM (IST)
बठिंडा: भाजपा की ओर से पंजाब में शुरू की गई ‘नशा मुक्त यात्रा’ आज तलवंडी साबो से रवाना होगी। इस मौके पर संबोधित करते हुए पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब हमारे गुरुओं की धरती है, लेकिन अब पंजाब को नजर लग गई है। पूरा राज्य नशे की चपेट में है और प्रदेश में कुछ गलत तत्व ही नशे को पंजाब में ला रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने कहा कि उन्होंने पंजाब के भविष्य को नजर लगा दी है और नशे के कारण पंजाब की जवानी बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपना भविष्य बचाने के लिए पार्टी को 92 सीटें देकर सत्ता में पहुंचाया, लेकिन अब साढ़े 4 साल बाद मुख्यमंत्री कहते हैं कि नशा पिछली सरकारों की देन है।
गुलजार सिंह और मोहनजीत सिंह शेरों मामले का हवाला देते हुए जाखड़ ने कहा कि इस सरकार के खिलाफ जो भी बोलता है, उसका बुरा हश्र होता है। जाखड़ ने कहा कि अगर भाजपा उत्तर प्रदेश से गुंडागर्दी खत्म कर सकती है और झारखंड से नक्सलवाद खत्म कर सकती है, तो पंजाब से नशा भी भाजपा ही खत्म करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को दोबारा ‘रंगला पंजाब’ बनाना है।

